जीवन में असफलता कई बार लोगों को हताश कर देती है, लेकिन अगर इन्हीं असफलताओं में सफलता की राह खोजी जाए, तो मंजिल तक पहुँचना तय है। हम यह बात यूँ ही नहीं कह रहे, बल्कि इसका ताज़ा उदाहरण है UPSC का हाल ही में घोषित फाइनल परिणाम।
यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन परीक्षा 2025 का फाइनल रिज़ल्ट 22 अप्रैल को घोषित हो गया था, जिसमें मेरठ के रहने वाले अभिनव शर्मा ने 130वी रैंक हासिल की है। अभिनव ने IIT पटना से बीटेक किया और उसके बाद वह सिविल सर्विसेज़ की तैयारी में जुट गए। 2021 में वह प्रिलिम्स भी क्लीयर नहीं कर पाए, लेकिन उन्होंने फिर भी हिम्मत नहीं हारी। एक बार फिर अभी अभिनव ने 2022 में UPSC की परीक्षा दी और प्रीलिम्स व मेन्स दोनों क्लीयर किए। साक्षात्कार तक पहुंचे लेकिन नहीं हो पाया।
फिर 2023 में अभिनव ने यूपीएससी परीक्षा का तीसरा अटेम्पट दिया, जिसको उन्होंने पास कर लिया। इंडियन पोस्टल सर्विसेज़ मिली, लेकिन आईपीएस बनने का सपना उनके दिलों दिमाग में छाया हुआ था। इंडियन पोस्टल सर्विसेज़ में छु्ट्टी लेकर वो फिर तैयारी करने में जुट गए। UPSC परीक्षा के चौथे अटेम्पट में वो इस बार देश में 130वी रैंक के साथ सफल हुए है।
अभिनव के रोल मॉडल हमेशा से उनके माता पिता रहे हैं। अभिनव के पिता भी पुलिस सेवा में हैं जिनका नाम रमेश चंद्र शर्मा है, वो कांस्टेबल के तौर पर पुलिस सेवा में भर्ती हुए थे, फिर सब इंस्पेक्टर का इम्तिहान पास किया और अब इंस्पेक्टर हैं। वो इस समय मेरठ के देहली गेट थाने के प्रभारी हैं।
अभिनव के पिता इंस्पेक्टर रमेश चंद्र शर्मा अपने बेटे की कामयाबी से ख़ुशी से फूले नहीं समा रहे हैं। वो कहते हैं कि उनके बेटे को सिर्फ पढ़ने के लिए हमेशा प्रेरित किया। जनरल बोगी में ले जाकर वो बच्चों को बचपन में दिखाया करते थे कि देखो जो नहीं पढ़ते हैं वो कैसे जीवन जीते हैं। फिर एसी बोगी भी दिखाते थे कि जो पढ़ते हैं उनका जीवन कैसा होता है।