एनसीआरटीसी (NCRTC) ने नमो भारत के बेगमपुल स्टेशन पर एक प्रेरणादायक कलात्मक वातावरण तैयार करने के लिए निविदाएं आमंत्रित की हैं। इस पहल के तहत स्टेशन की चयनित दीवारों और क्षेत्रों पर ऐसी भव्य कलाकृतियों की संकल्पना, डिज़ाइन और स्थापना की जाएगी, जो भारत की सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक महत्व को दर्शाएं।
बेगमपुल स्टेशन पर थीम – 1857 का स्वतंत्रता संग्राम और मेरठ की भूमिका
बेगमपुल स्टेशन (Begumpul Metro Station) पर प्रस्तावित कलाकृतियों का मुख्य विषय 1857 का प्रथम स्वतंत्रता संग्राम और उसमें मेरठ की ऐतिहासिक भूमिका है। यह विषय उन क्रांतिकारी घटनाओं और वीर स्वतंत्रता सेनानियों को समर्पित होगा, जिन्होंने भारत के आज़ादी के आंदोलन की नींव रखी।
यह कलात्मक प्रयास यात्रियों को न केवल देश के गौरवशाली अतीत से परिचित कराएगा, बल्कि उन्हें प्रेरणा भी देगा। एनसीआरटीसी (NCRTC) का उद्देश्य बेगमपुल स्टेशन को केवल एक ट्रांज़िट हब के रूप में नहीं, बल्कि एक जीवंत सांस्कृतिक स्थल के रूप में विकसित करना है।
योग्य कलाकारों और संस्थाओं से आग्रह किया गया है कि वे ऐसी रचनात्मक प्रस्तावनाएं प्रस्तुत करें जो न केवल ऐतिहासिक दृष्टिकोण से समृद्ध हों, बल्कि यात्रियों के अनुभव को भी गहराई प्रदान करें। निविदा से जुड़ी सभी जानकारी एनसीआरटीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
बेगमपुल के साथ साथ एनसीआरटीसी ने आनंद विहार नमो भारत स्टेशन (Anand Vihar Namo Bharat Station) की चयनित दीवारों और क्षेत्रों पर कलाकृति स्थापना हेतु निविदाएं आमंत्रित की हैं। इस स्टेशन के लिए निर्धारित थीम “सूर्य नमस्कार, योग मुद्राएं और भारतीय शास्त्रीय नृत्य” है, जो भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का उत्सव प्रस्तुत करती है। यह पहल स्टेशन को केवल एक ट्रांज़िट प्वाइंट न होकर एक जीवंत सांस्कृतिक स्थल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जहां कलाकृतियां यात्रियों को न केवल आकर्षित करेंगी, बल्कि उन्हें भारत की समृद्ध विरासत से जोड़ने का कार्य भी करेंगी।