न्यू अशोक नगर क्षेत्र में यात्रियों के लिए एक नई सुविधा की शुरुआत हो गई है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) द्वारा निर्मित न्यू अशोक नगर नमो भारत (RRTS) स्टेशन अब दिल्ली मेट्रो स्टेशन से सीधे जुड़ गया है। दोनों स्टेशनों के बीच मात्र 100 मीटर की दूरी है, जिसे जोड़ने के लिए एक 90 मीटर लंबा फुटओवर ब्रिज (FOB) बनाया गया है।
दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में दिल्ली मेट्रो का और नमो भारत का स्टेशन दोनों लगभग पास पास ही है, इसमें जो लोग दोनों स्टेशन पर इंटरचेंज करते है, उन्हें पहले काफी लम्बा घूमकर दूसरे स्टेशन में एंट्री लेनी होती थी, लेकिन अभी सभी के लिए दोनों स्टेशन को जोड़ने के लिए बनाया गया फुट ओवर ब्रिज खोल दिया गया है, जो लोगो के लिए मददगार होगा।
यह फुटओवर ब्रिज यात्रियों के लिए एक सुरक्षित और तेज़ मार्ग प्रदान करता है, जिससे अब उन्हें लंबी पैदल यात्रा नहीं करनी पड़ेगी। इस पुल के खुलने से यात्रियों को लगभग 210 मीटर कम चलना पड़ेगा, जिससे समय और ऊर्जा दोनों की बचत होगी। फुटओवर ब्रिज मेट्रो स्टेशन के कंकॉर्स स्तर को नमो भारत स्टेशन के कंकॉर्स से नीचे वाले तल से जोड़ता है, जिससे दोनों परिवहन माध्यमों के बीच निर्बाध यात्रा संभव हो सके।
यही नहीं, यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए NCRTC न्यू अशोक नगर स्टेशन पर दो और फुटओवर ब्रिज का निर्माण भी कर रहा है। इनमें से एक पुल चिल्ला गांव और मयूर विहार एक्सटेंशन को स्टेशन से जोड़ेगा, जबकि दूसरा प्राचीन शिव मंदिर के पास बनाया जा रहा है ताकि न्यू अशोक नगर के निवासियों को स्टेशन तक आसान पहुँच मिल सके।
इस स्टेशन का उद्घाटन 5 जनवरी 2025 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किया गया था। उसी दिन आनंद विहार RRTS स्टेशन का उद्घाटन भी किया गया था। यह स्टेशन NCRTC के स्वामित्व में है, और यहां की रैपिड ट्रेनें 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं।
यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन परिसर में कई दुकानें, सेवाएँ और सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं, ताकि यात्रा के अनुभव को और बेहतर बनाया जा सके। मेट्रो और नमो भारत दोनों के बीच यह कनेक्टिविटी दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत लेकर आई है।