कोहरे का असर अब साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। इसी को ध्यान में रखते हुए दिल्ली–मेरठ एक्सप्रेसवे और अन्य प्रमुख हाईवे पर पुलिस ने वाहनों की गति सीमा में कटौती कर दी है। सीजन के पहले घने कोहरे ने रविवार को दिल्ली–मेरठ एक्सप्रेसवे (डीएमई), दिल्ली–देहरादून हाईवे, मेरठ–बुलंदशहर हाईवे, मेरठ–करनाल हाईवे और मेरठ–पौड़ी हाईवे पर चलने वाले वाहन चालकों की परेशानियां बढ़ा दीं। रविवार सुबह और रात 9 बजे के बाद एक्सप्रेसवे सहित इन सभी हाईवे पर घना कोहरा छा गया।
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और NH 9 पर, वाहनों की अधिकतम गति सीमा घटाई
कोहरे की स्थिति को देखते हुए गाजियाबाद पुलिस ने जिले से होकर गुजरने वाले एक्सप्रेसवे और हाईवे पर नई गति सीमा लागू की है। दिल्ली–मेरठ एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर भारी वाहनों के लिए अधिकतम गति 40 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है, जबकि हल्के वाहनों को 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने की अनुमति दी गई है।
फिलहाल दिल्ली–मेरठ एक्सप्रेसवे पर हल्के वाहनों के लिए 100 किलोमीटर प्रति घंटा की गति सीमा मान्य है, जबकि ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर यह सीमा 120 किलोमीटर प्रति घंटा है। कोहरे को देखते हुए नई गति सीमा सोमवार रात 11 बजे से लागू होगी, जो 15 फरवरी तक प्रभावी रहेगी। वहीं मेरठ क्षेत्र में भी हाईवे पर वाहनों की गति सीमा घटाने की तैयारियां की जा रही हैं।
दृश्यता बेहद कम होने के कारण वाहनों की रफ्तार भी काफी धीमी हो गई। एक्सप्रेसवे पर काशी टोल प्लाजा से गाजियाबाद की दिशा में आगे बढ़ते ही घना कोहरा देखने को मिला, जिससे वाहन बेहद सावधानी के साथ धीमी गति से चलते नजर आए। काशी टोल प्लाजा के टोल मैनेजर दिनेश कुमार ने बताया कि सामान्य दिनों में यहां से करीब 55 हजार वाहनों का आवागमन होता है, लेकिन रविवार को केवल लगभग 40 हजार वाहनों का ही आवागमन दर्ज किया गया।
वहीं दिल्ली–देहरादून हाईवे पर स्थित सिवाया टोल प्लाजा के मैनेजर अनुज सोम ने बताया कि सामान्य दिनों की तुलना में रविवार को करीब दस प्रतिशत कम वाहन इस मार्ग से गुजरे।