विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हरित और सतत भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, NCRTC ने मेरठ साउथ स्टेशन पर इलेक्ट्रिक बाइक टैक्सी सेवा की शुरुआत की है। इस अनोखी पहल को “महिलाओं द्वारा, महिलाओं के लिए” के सिद्धांत पर आधारित रखा गया है, जहां सेवा का संचालन प्रशिक्षित महिला ड्राइवरों द्वारा केवल महिला यात्रियों के लिए किया जाएगा। यूटीयू मोबिलिटी के सहयोग से शुरू की गई यह सेवा न केवल महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देती है, बल्कि सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल लास्ट-माइल कनेक्टिविटी प्रदान करने की एनसीआरटीसी की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।
मेरठ साउथ स्टेशन से शुरू की महिलाओं के लिए विशेष सेवा
इस सेवा की शुरुआत रणनीतिक रूप से मेरठ साउथ नमो भारत स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास स्थित पार्किंग ज़ोन से की गई है। गौरतलब है कि मेरठ साउथ स्टेशन सभी परिचालित नमो भारत स्टेशनों में सबसे अधिक राइडरशिप वाला स्टेशन है। प्रारंभिक चरण में, पीक ऑवर्स के दौरान लगभग 10 इलेक्ट्रिक बाइकों को तैनात किया जाएगा, जो स्टेशन के 5 किलोमीटर के दायरे में महिला यात्रियों को कम किराए पर सुरक्षित और सुविधाजनक लास्ट-माइल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएंगी।
विश्वसनीय, समावेशी और सुरक्षित परिवहन विकल्पों की कमी का सबसे अधिक प्रभाव महिलाओं पर पड़ता है। जब इस स्थिति में सामाजिक जेंडर मान्यताओं और आवश्यक सेवाओं तक सीमित पहुंच, विशेषकर बच्चों, सामान, बुज़ुर्गों या दिव्यांग जनों के साथ यात्रा करने जैसी चुनौतियों को भी जोड़ दिया जाए, तो समस्या और जटिल हो जाती है। NCRTC ने इन मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए इस स्थिति को बदलने की दिशा में कदम उठाया है। यह नई पहल उसी प्रयास का हिस्सा है, जो नमो भारत की महिला यात्रियों के लिए एक समर्पित, सुरक्षित और भरोसेमंद लास्ट-माइल परिवहन विकल्प उपलब्ध कराने की दिशा में किया गया एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
महिलाओं के लिए इलेक्ट्रिक बाइक टैक्सी सेवा प्रदान करने की यह पहल एनसीआरटीसी के यात्री-केंद्रित सेवा मॉडल को सततता के साथ एकीकृत करने का एक और महत्वपूर्ण प्रयास है। यह देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए न केवल तेज़, बल्कि स्मार्ट और अधिक समावेशी पारगमन समाधान प्रदान करने के एनसीआरटीसी के मिशन को मजबूत करती है।
जल्द ही अन्य नमो भारत स्टेशन पर चालू होगी सुविधा
यात्रियों की प्रतिक्रियाओं और सेवा के परिचालन प्रदर्शन का मूल्यांकन करने के उपरांत, एनसीआरटीसी इस पहल का विस्तार अन्य नमो भारत स्टेशनों और प्रमुख स्थानों तक करने की योजना बना रहा है। यह कदम महिलाओं को सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल लास्ट-माइल परिवहन विकल्पों की व्यापक पहुँच प्रदान करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण प्रयास होगा।
एनसीआरटीसी, नमो भारत यात्रियों को निर्बाध और सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए लास्ट-माइल कनेक्टिविटी को लगातार सुदृढ़ करने का प्रयास कर रहा है। इसी प्रयास के तहत, एनसीआरटीसी ने दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के साथ समन्वय स्थापित कर दिल्ली के विभिन्न मार्गों पर चलने वाली वातानुकूलित इलेक्ट्रिक सिटी बसों को नमो भारत स्टेशनों से जोड़ा है। फिलहाल ये बसें दिल्ली सेक्शन के परिचालित स्टेशनों—न्यू अशोक नगर और आनंद विहार—से जुड़े चार प्रमुख मार्गों पर संचालित हो रही हैं। इसके अतिरिक्त, गाजियाबाद के कई स्टेशनों पर ई-रिक्शा और रैपिडो जैसे लास्ट-माइल सेवा प्रदाता भी यात्रियों को सुविधाजनक परिवहन सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं।