यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने और नमो भारत कॉरिडोर की वाणिज्यिक संभावनाओं को विस्तारित करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए एनसीआरटीसी ने दिल्ली–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर परतापुर से मोदीपुरम के बीच 8 स्टेशनों पर कमर्शियल स्पेस की लाइसेंसिंग हेतु निविदा आमंत्रित की है। ये 8 स्टेशन परतापुर, रिठानी, शताब्दी नगर, भैंसाली, एमइएस कॉलोनी, डौरली, मेरठ नॉर्थ और मोदीपुरम हैं।
मेरठ के 8 मेट्रो स्टेशन पर दुकान खोलने का मिल रहा है मौका, ऐसे करें अप्लाई – Open New shops, cafes & Food outlets at Meerut Metro Stations
इस निविदा के अंतर्गत, इन 8 स्टेशनों पर चिन्हित 13 अलग-अलग स्थानों पर कमर्शियल स्पेस को 9 वर्ष की लाइसेंस अवधि के लिए चयनित भागीदारों को प्रदान किया जाएगा। इसमें बेयर (अनिर्मित) और बिल्ट-अप (निर्मित अवसंरचना के साथ), दोनों तरह के कमर्शियल स्पेस शामिल हैं, जिनका आकार 14 वर्ग मीटर की छोटी यूनिट से लेकर 128 वर्ग मीटर तक के पॉकेट स्पेस तक है।
इन कमर्शियल स्थानों का उपयोग यात्रियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए फूड आउटलेटेस, कैफे, सुविधा स्टोर, सेवा कियोस्क तथा अन्य रिटेल उद्देश्यों के लिए किया जा सकता है। स्टेशन परिसर के भीतर ऐसी एकीकृत सुविधाओं की उपलब्धता यात्रियों का समय बचाएगी और उनकी यात्रा को अधिक सहज और सुविधाजनक बनाएगी। साथ ही, ये आउटलेट स्टेशन के आसपास के निवासियों की रोज़मर्रा की ज़रूरतों को भी पूरा करेंगे।
मेरठ में नमो भारत और मेट्रो स्टेशनों का निर्माण घनी आबादी वाले क्षेत्रों के पास किया गया है। वर्तमान में, रोज़ाना औसतन लगभग एक लाख यात्री क्षेत्रीय नमो भारत ट्रेनों और स्थानीय मेरठ मेट्रो ट्रेनों में यात्रा कर रहे हैं। ऐसे में ये स्टेशन व्यापारिक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्त्वपूर्ण हैं और एक मज़बूत व्यावसायिक क्षमता रखते हैं। इस कॉरिडोर पर निरंतर बढ़ती यात्री संख्या के साथ, ये स्टेशन दैनिक यात्रियों, स्थानीय निवासियों और व्यापक जनसमूह तक हाई विज़िबिलिटी प्रदान करते हैं और इन स्टेशनों तक लोगों की आसान पहुँच इसे भागीदारों के लिए और भी आकर्षक बनाती है।
एनसीआरटीसी का उद्देश्य स्थानीय विक्रेताओं, उद्यमियों, व्यापारियों और सेवा प्रदाताओं की सहभागिता को प्रोत्साहित करते हुए स्टेशन परिसरों को जीवंत और कमर्शियल ईको-सिस्टम के रूप में विकसित करना है। इस पहल से न केवल रोज़गार के नए अवसर सृजित होंगे और स्थानीय आर्थिक गतिविधि को बल मिलेगा, बल्कि साथ ही एनसीआरटीसी के लिए नॉन-फेयर राजस्व में भी वृद्धि होगी।
इच्छुक बोलीदाता ई-टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से हिस्सा ले सकते हैं। निविदा से संबंधित विस्तृत जानकारी, पात्रता मानदंड, नियम व शर्तें तथा निर्धारित समय-सीमा एनसीआरटीसी की आधिकारिक वेबसाइट (https://ncrtc.in) और सेंट्रल पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइजेज के सीपीपी पोर्टल (https://etenders.gov.in/eprocure/app) पर उपलब्ध हैं।