आनंद विहार नमो भारत स्टेशन पर और मजबूत हुई यात्रियों की सुरक्षा, अब शिकायत करना हुआ आसान

नमो भारत ट्रेन के यात्रियों की सुरक्षा, एनसीआरटीसी (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम) की शीर्ष प्राथमिकताओं में से एक है। यात्रियों को स्टेशन और ट्रेन दोनों में सुरक्षित माहौल प्रदान करने के लिए एनसीआरटीसी लगातार प्रयासरत है। इसी दिशा में आनंद विहार नमो भारत स्टेशन के पास एक नई पुलिस चौकी का निर्माण किया गया है, जिसे औपचारिक रूप से दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया है। इस चौकी की स्थापना से अब यात्री किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त कर सकेंगे, जिससे नमो भारत में यात्रा और भी अधिक सुरक्षित हो गई है।

गेट नंबर 2 के पास स्थित यह पुलिस चौकी पड़पड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत कार्य करेगी। यात्री यहां नमो भारत ट्रेन या स्टेशन परिसर से संबंधित किसी भी घटना की शिकायत दर्ज करा सकते हैं तथा अन्य कानूनी सहायता भी प्राप्त कर सकते हैं।

आनंद विहार स्टेशन नमो भारत कॉरिडोर के सबसे व्यस्त स्टेशनों में से एक है, जहां प्रतिदिन हजारों यात्री यात्रा करते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में महिला यात्री भी शामिल हैं। नई पुलिस चौकी के संचालन से यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। अब यात्री न केवल किसी भी अवैध या संदिग्ध गतिविधि की शिकायत दर्ज करा सकेंगे, बल्कि उन्हें तुरंत पुलिस सहायता भी प्राप्त होगी। नमो भारत ट्रेनों का संचालन यात्रियों के लिए प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक किया जाता है।

एनसीआरटीसी की योजना है कि दिल्ली-गाज़ियाबाद-मेरठ कॉरिडोर के सभी नमो भारत स्टेशनों पर इसी प्रकार पुलिस चौकियों की स्थापना की जाए। फिलहाल न्यू अशोक नगर, गुलधर और दुहाई स्टेशनों पर चौकी निर्माण कार्य प्रगति पर है। हाल ही में साहिबाबाद और गाज़ियाबाद स्टेशनों पर नई पुलिस चौकियों का निर्माण कर उन्हें संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को सौंपा जा चुका है। साहिबाबाद स्टेशन के निकट स्थित चौकी लिंक रोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत है, जबकि गाज़ियाबाद स्टेशन की चौकी नगर (गाज़ियाबाद) जोन में आती है। दोनों चौकियों में यात्री स्टेशन या ट्रेन से संबंधित शिकायतें दर्ज करा सकते हैं।

यात्रियों की सुरक्षा के लिए एनसीआरटीसी ने सभी स्टेशनों और ट्रेनों में अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं, जिनकी 24×7 निगरानी सेंट्रल सिक्योरिटी कंट्रोल सेंटर (CSCC) द्वारा की जाती है। प्रत्येक स्टेशन पर पुलिस रूम की व्यवस्था है, जहां से सीसीटीवी फुटेज की निरंतर मॉनिटरिंग होती है। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित स्टेशनों और स्थानीय इकाइयों से तत्काल संपर्क किया जाता है। इसके अलावा, स्टेशनों पर लगे क्लोज सर्किट टीवी स्क्रीन के माध्यम से यात्री भी निगरानी गतिविधियों को देख सकते हैं।

प्रवेश द्वारों पर मल्टी-ज़ोन डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) स्थापित हैं, जिससे हर यात्री की सुरक्षा जांच सुनिश्चित होती है। इन सभी उपायों के साथ, नमो भारत में यात्रा अब न केवल सुविधाजनक बल्कि पूरी तरह सुरक्षित भी बन गई है।

वर्तमान में, 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-गाज़ियाबाद-मेरठ कॉरिडोर का 55 किलोमीटर लंबा खंड — न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक — 11 स्टेशनों के साथ जनता के लिए परिचालन में है। शेष सेक्शन पर कार्य प्रगति पर है, जिसे जल्द ही यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा।

Photo of author
लेखक
Anand Kumar
आनंद कुमार, मेरठ के एक सक्रिय और समर्पित कंटेंट राइटर हैं, जो शहर और क्षेत्रीय विकास की प्रगति को लगातार लोगों तक पहुँचा रहे हैं। स्थानीय मुद्दों और परिवहन परियोजनाओं पर गहरी पकड़ रखते हुए वे आम पाठकों के लिए जानकारी को सरल और रोचक रूप में प्रस्तुत करते हैं। आनंद कुमार दो विशेष डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म — meerutmetro.in और namobharattrain.com — का संचालन करते हैं। इन वेबसाइट्स पर वे मेरठ मेट्रो और भारत की सबसे तेज़ रैपिड रेल प्रणाली नमो भारत ट्रेन से जुड़ी सभी ताज़ा ख़बरें, अपडेट्स और उपलब्धियाँ साझा करते हैं। उनका लक्ष्य है कि आम नागरिक न केवल इन परियोजनाओं की प्रगति से जुड़े रहें, बल्कि शहरी ढाँचे और सार्वजनिक परिवहन में हो रहे बदलावों की वास्तविक तस्वीर भी देख सकें। शहरी विकास, इंफ़्रास्ट्रक्चर और परिवहन जैसे गम्भीर विषयों को सरल शब्दों में प्रस्तुत कर पाठकों तक पहुँचाना ही आनंद कुमार की सबसे बड़ी पहचान है।

Leave a Reply