NCRTC ने दिल्ली–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रियों की सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में एक और अहम पहल की है। अब मेरठ साउथ नमो भारत स्टेशन पर कोका कोला हैप्पीनेस स्टेशन, अमूल और दी-रैपिड कैफे नाम से तीन नए खाद्य एवं पेय आउटलेट शुरू किए गए हैं। यहां यात्री स्वादिष्ट स्नैक्स और बेहतरीन गुणवत्ता के पेय पदार्थों का आनंद ले सकते हैं।
अब मेरठ साउथ नमो भारत स्टेशन पर भी खुल गए खाने पीने के आउटलेट, यात्री उठा सकते हैं खान-पान की सेवाओं का लाभ
दिल्ली से मेरठ के बीच नमो भारत कॉरिडोर पर पहले से ही साहिबाबाद, गाजियाबाद, आनंद विहार और दुहाई जैसे प्रमुख स्टेशनों पर खाद्य एवं पेय आउटलेट्स मौजूद हैं। अब मेरठ साउथ स्टेशन पर भी इन आउटलेट्स की शुरुआत के साथ यह स्टेशन यात्रियों के लिए और अधिक सुविधाजनक हो गया है। ये सभी आउटलेट्स स्टेशन के कॉनकोर्स लेवल पर स्थित नॉन रेवेन्यू एरिया में बनाए गए हैं। साथ ही, भविष्य में यहां अन्य प्रतिष्ठित ब्रांड्स के आउटलेट्स शुरू करने की भी योजना है।
NCRTC द्वारा इन खाद्य एवं पेय ब्रांड्स के साथ की गई यह रणनीतिक साझेदारी, यात्रियों और स्थानीय निवासियों को विश्वसनीय, स्वादिष्ट और सुरक्षित खाद्य विकल्प प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इन आउटलेट्स पर लस्सी, बटरमिल्क, आइसक्रीम, घी, दूध, चॉकलेट्स, प्रोटीन ड्रिंक्स, जूस और ताजे मिठाई जैसे उत्पादों के साथ-साथ बर्गर, वेज रोल्स, पिज्जा जैसे फास्ट फूड स्नैक्स और विभिन्न पेय पदार्थों की भी व्यापक रेंज उपलब्ध है।
एनसीआरटीसी का लक्ष्य है कि नमो भारत के यात्रियों के लिए यात्रा केवल तेज़ और सुरक्षित ही नहीं, बल्कि अधिक सुविधाजनक और संतुलित भी हो। इसी उद्देश्य से स्टेशनों के पेड और नॉन पेड क्षेत्रों में अन्य एफएमसीजी और फूड ब्रांड्स के आउटलेट्स को स्थान देने की प्रक्रिया जारी है। भविष्य में यात्रियों को स्टेशनों पर फास्ट फूड चेन, कैफे, कंवीनियंस स्टोर्स, फार्मेसी, रिफ्रेशमेंट स्टॉल, बुकस्टोर और लाइफस्टाइल प्रोडक्ट्स के आउटलेट्स भी उपलब्ध कराए जाएंगे।