मेरठ में मेट्रो सेवाएं शुरू होने से पहले ही भैंसाली बस स्टैंड पर बन रहे मेट्रो स्टेशन के नाम को बदलने की मांग तेज हो गई है। स्थानीय लोगों ने स्टेशन का नाम मातादीन के नाम पर रखने की मांग उठाई है। शनिवार को इस संबंध में कई लोगों ने सांसद अरुण गोविल, राज्यमंत्री दिनेश खटीक और ऊर्जा राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। साथ ही, स्टेशन परिसर में मातादीन की प्रतिमा स्थापित करने की भी मांग रखी गई।
दैनिक जागरण की खबर के अनुसार, मुलाकात करने वालों में महेन्द्र कुमार धानक (न्यू जयहिंद बैंड वाले), मोनिंद्र सूद वाल्मीकि, पवन धानक, रविन्द्र कुमार वैद, हरीश गौतम और प्रशांत कौशिक शामिल रहे। जनप्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया है कि वे इस मांग को मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे और इसे प्रमुखता से उठाएंगे।
मेरठ के भैसाली मेट्रो स्टेशन में क्या है खास – Bhaisali Meerut Metro Station
भैसाली मेट्रो स्टेशन मेरठ के भैसाली बस अड्डे के पास बनाया जा रहा है। इसके शुरू होने से सबसे अधिक लाभ सदर और थापर नगर क्षेत्र के लोगों को मिलेगा, क्योंकि यह उनके लिए सबसे नज़दीकी मेरठ मेट्रो स्टेशन होगा। इस स्टेशन का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और जल्द ही इसे जनता के लिए खोल दिया जाएगा। भैसाली मेट्रो स्टेशन, मेरठ सेंट्रल के बाद दूसरा भूमिगत स्टेशन है, जो शहर के यातायात को और भी सुगम बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।
भैसाली मेट्रो स्टेशन न केवल स्थानीय यात्रियों की सुविधा बढ़ाएगा बल्कि आसपास के बाज़ारों और व्यावसायिक क्षेत्रों की रौनक भी दोगुनी कर देगा। स्टेशन के शुरू होने से बस अड्डे और रेलवे स्टेशन तक पहुँच आसान होगी, जिससे यातायात का दबाव कम होगा और लोगों का सफर अधिक सुरक्षित और तेज़ बनेगा। आने वाले समय में यहाँ आपको केवल मेरठ मेट्रो की सुविधा मिलेगी।