होली भी गयी, दिवाली भी गई, मेरठ में शताब्दी नगर तक भी नहीं पहुंची नमो भारत

मेरठ के लोगों का लंबे समय से इंतजार अब नाराजगी में बदलता जा रहा है। नमो भारत रैपिड ट्रेन का संचालन अभी भी शताब्दीनगर स्टेशन तक शुरू नहीं हो पाया है। फरवरी 2024 में यहां तक ट्रायल रन शुरू हुआ था, और उम्मीद जताई गई थी कि होली तक ट्रेन सेवा शुरू हो जाएगी। लेकिन अब दीपावली भी बीत गई, और ट्रेन संचालन की औपचारिक शुरुआत अब तक नहीं हुई। वर्तमान में नमो भारत ट्रेन केवल दिल्ली के न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ (भूड़बराल) स्टेशन तक ही चल रही है। बाकी रूट के यात्रियों को अभी भी अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है।

एनसीआरटीसी के दावों पर उठे सवाल

एनसीआरटीसी (NCRTC) का कहना है कि उसने दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक 82 किमी के पूरे रेल ट्रैक पर ट्रायल रन शुरू कर दिया है और अब पूरे रूट पर एक साथ संचालन की योजना बना रही है। लेकिन रेलवे सेफ्टी कमिश्नर (सीआरएस) की निरीक्षण रिपोर्ट में कई तकनीकी कमियां सामने आई हैं। इन्हें दुरुस्त करने की प्रक्रिया जारी है, जिसके चलते दीपावली तक भी मोदीपुरम तक ट्रेन संचालन शुरू नहीं हो पाया।

स्थानीयों की नाराजगी और उम्मीदें

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शताब्दीनगर तक भी ट्रेन चला दी जाती, तो गंगानगर, अजंता कॉलोनी, जागृति विहार, दामोदर कॉलोनी और गढ़ रोड जैसे इलाकों के हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलती। फिलहाल लोगों को मेरठ साउथ स्टेशन तक पहुंचने के लिए पूरे शहर को पार करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि एनसीआरटीसी केवल “पूरे ट्रैक पर एकसाथ संचालन” का सपना दिखा रही है, जबकि छोटे रूट पर भी सेवा शुरू नहीं हो पा रही है।

मेरठ के लोगों की उम्मीदें अब भी नमो भारत रैपिड ट्रेन के पूर्ण संचालन से जुड़ी हुई हैं। जहां एक ओर सरकार और एनसीआरटीसी इसे देश के आधुनिक रेल नेटवर्क का उदाहरण बता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर देरी और अधूरी तैयारियों ने लोगों के बीच भरोसे की कमी पैदा कर दी है।

Photo of author
लेखक
Meerut Metro Guy
UPMRC और NCRTC जल्द ही मेरठ मेट्रो शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं। इस परियोजना की शुरुआत 2016 में हुई थी। वेबसाइट (www.meerutmetro.in) और इसके सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म निजी तौर पर बनाए गए हैं और इनका किसी भी सरकारी प्राधिकरण या संगठन से कोई आधिकारिक संबंध या संबद्धता नहीं है, न ही यह किसी भी तरह से उनमें से किसी के द्वारा समर्थित है। हम, meerutmetro.in वेबसाइट के संस्थापक, मेरठ मेट्रो और दिल्ली मेरठ RRTS परियोजना के बारे में सबसे अच्छी सामग्री प्रदान करने के लिए यहाँ हैं। हमारी जानकारी के अनुसार, वेबसाइट/सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर दी गई सभी जानकारी सही है।

Leave a Reply